स्कूल वर्दी के एक इंच के 35 पैसे, स्कूल बैग के चालीस रुपये बढ़ाए
नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले अभिभावकों पर पड़ रही महंगाई की मार
जूतों के दामों में नहीं हुई बढ़ोतरी, खरीदारी के लिए मुख्य बाजार पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले अब बाजारों में बच्चों के जरूरी सामान की खरीदारी करने के लिए भीड़ उमड़ रही है। अभिभावकों पर इस बार महंगाई की मार पड़ती नजर आ रही है। वर्दी का एक इंच में 35 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा स्कूल बैग में तीस से चालीस रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राहत की बात यह है कि इस बार स्कूल के जूतों के दाम गत वर्ष की तरह हैं। इनमें किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं हुई है। बहरहाल, वर्दी और बैग की खरीदारी पर अभिभावकों को अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि जिले में 120 से अधिक स्कूल हैं। शहर में अलग-अलग दुकानों में यह सामान मिल रहा है। अभिभावक खरीदारी के लिए दुकानों में पहुंच रहे हैं। दुकानदारों से सामान लेने से पहले दामों की बढ़ोतरी बारे जानकारी हासिल कर रहे हैं। विक्रेता अमित कुमार, सुरेंद्र सिंह और रंजीत सिंह का कहना है कि वर्दी के दाम बढ़े हैं। इस बार एक इंच के 35 पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि स्कूल बैग के दामों में भी गत वर्ष की अपेक्षा तीस से चालीस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कहा कि अभिभावकों को अच्छा सामान दिया जा रहा है। अभिभावकों में रमन सिंह, प्रदीप कुमार, उमा देवी, रेखा देवी का कहना है कि बच्चों की यूनिफार्म से लेकर किताबों और अन्य सामान में बढ़ोतरी होने से अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।