खेतों में नमी आने से सब्जियां लगाने का सही समय
विभाग ने किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी, पहले अच्छी तरह तैयार करें खेत
दो तरह से किसान कर सकते है खेती, जैविक खाद का प्रयोग करने से बढ़ेगी पैदावार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा में अब धीरे-धीरे मौसम परिवर्तन होना शुरू हो गया है। इसके चलते कृषि विभाग चंबा की ओर से आगामी दिनों के लिए किसानों को एडवाइजरी जारी की है। विभाग के मुताबिक किसान अब विभिन्न प्रकार की सब्जियां उगा सकते हैं। इसके लिए खेतों में वर्तमान में पर्याप्त नमी है। किसान दो तरह से खेती कर सकते हैं। एक सीधा बीज डालकर तो दूसरा पौध तैयार कर किसान सब्जी उगा सकते हैं। वर्तमान में किसान हरी मिर्च, शिमला मिर्च, बैंगन सहित प्रमुख फसल टमाटर उगा सकते हैं। किसान इन फसलों को उगाने के लिए खेत को अच्छी तरह से तैयार करें। साथ ही पौधों के बीच में भी उचित दूरी रखें। गौरतलब है कि जिला चंबा में अधिकतर लोग अपने घर के समीप बाग बगीचों में हरी सब्जियां उगाते हैं। अधिकतर किसान इन सब्जियों को उगाकर मंडियों तक पहुंचाते हैं और अपनी आजीविका चलाते हैं। विभाग के पास पर्याप्त बीज उपलब्ध है। किसान बीजों के लिए विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उधर, कृषि उपनिदेशक चंबा डॉ. कुलदीप धीमान का कहना है कि किसान अब सब्जियां उगा सकते हैं। कहा कि खेतों में नमी बरकरार है। इससे पैदावार अच्छी होने की भी उम्मीद है। एडवाइजरी के मुताबिक ही किसान सब्जी उगाएं। संवाद