चंबा। जिले के नौनिहालों को अब आंगनबाड़ी केंद्रों में पास्ता दिया जाएगा। सर्दियों के मौसम को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से न्यूट्रीशन में बदलाव किया गया है। इसके लिए विभाग ने कदमताल शुरू कर दी है। विभाग की मानें तो बच्चों के लिए पास्ता परोसना फायदेमंद रहेगा। साथ ही हर आंगनबाड़ी केंद्र तक यह आपूर्ति की जाएगी। इससे जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार पक्का करने वाले हजारों बच्चे लाभान्वित होंगे।
जानकारी के मुताबिक विभाग की ओर से आगामी चार माह तक पास्ता वितरित किया जाएगा। इसके बाद गर्मियों का मौसम शुरू होने के बाद न्यूट्रीशन में अन्य खाद्य वस्तु शामिल की जाएगी। वर्तमान में दलिया, बिस्किट सहित अन्य खाद्य पदार्थ आंगनबाड़ी केंद्रों को उपलब्ध करवा जाए रहे हैं। इसी कड़ी में अब पास्ता भी इस सूची में शामिल किया गया है। विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों को डिमांड के आधार पर वितरण शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि जिले में वर्तमान में 1495 आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं, जहां छह माह से लेकर पांच वर्ष की आयु वर्ग तक सैकड़ों नौनिहाल पंजीकृत हैं। विभाग के मुताबिक सर्दियों के मौसम में गर्म खाद्य पदार्थों को बढ़ावा दिया जाता है। निदेशालय की ओर से भी इस बार विशेष योजना तैयार की गई है और विशेषज्ञों की सलाह के मुताबिक बच्चों को मिलने वाले न्यूट्रीशन में बदलाव किया गया है।
हर साल विभाग की ओर से न्यूट्रीशन में मौसम के हिसाब से परिवर्तन किया जाता है, जिससे बच्चों को पोषित खाद्य पदार्थ मिल सकें। महिला एवं बाल विकास विभाग चंबा के जिला कार्यक्रम अधिकारी बालकृष्ण शर्मा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि निदेशालय की ओर से अब बच्चों को पास्ता परोसा जाएगा।