चंदू लाल और साहिल भाजपा विचारधारा से जुड़े, कांग्रेस से लियाकत और मुकेश मैदान में
सात उम्मीदवार उतरे हैं मैदान में, अन्य तीन प्रत्याशी भी जिप सदस्य के लिए जता रहे दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरोल (चंबा)। अकसर चुनावों में देखा गया है कि एक दल का एक-एक उम्मीदवार विरोधी दलों के साथ चुनाव में कूदता है लेकिन इन दिनों जिला परिषद वार्ड सरोल में चुनावी खिचड़ी पकती जा रही है।
हालात यह है कि यहां भाजपा और कांग्रेस के दो-दो कार्यकर्ता चुनाव मैदान में हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के तौर पर चंदू लाल और साहिल बेदी चुनाव में भाग्य आजमा रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता लियाकत और एनएसयूआई के पदाधिकारी मुकेश शर्मा चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा तीन और उम्मीदवारों ने चुनावी हुंकार भरी है।
बहरहाल, सरोल वार्ड में चुनावी जंग काफी रोचक होती जा रही है। दूसरी तरफ अब पार्टी के बड़े नेता भी खुलेआम इन उम्मीदवारों के सिर पर अपना हाथ रखने से परहेज कर रहे हैं। अंदरखाते चर्चाएं चल रही हैं कि जीत के बाद ही पार्टी नेता विजेता उम्मीदवारों को अपना समर्थन देने की फिराक में हैं। गौरतलब है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। चुनाव तीन चरणों में करवाए जा रहे हैं। प्रत्याशी भी जीत के लिए पहाड़ लांघ रहे हैं। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद ले रहे हैं।