सरोल (चंबा)। चंबा-तीसा मार्ग पर मेडिकल कॉलेज सरोल के समीप बैंसका नामक स्थान पर संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय रज्जाक अली शाह पुत्र शौकत अली शाह निवासी बैंसका के रूप में हुई है। वीरवार सुबह लोगों ने सड़क के किनारे अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने व्यक्ति को मृत करार दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद मृतक को हरदासपुरा स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्दे शाक किया गया। परिजनों ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। संवाद