चुवाड़ी (चंबा)। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार चुवाड़ी नगर पंचायत में लोक निर्माण विभाग के पीले पंजे ने एक मकान और दुकान को उखाड़ दिया। लोक निर्माण विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। वहीं क्षेत्र में करीब 10 अवैध कब्जाधारकों को चिह्नित किया गया है। विभाग की ओर से इन कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर अपने कब्जे स्वयं हटाने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं जिससे विभागीय कार्रवाई के दौरान उन्हें अधिक नुकसान न उठाना पड़े। चुवाड़ी नगर पंचायत में शुक्रवार दोपहर बाद की गई कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों की नींदें उड़ गई हैं।
गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने आदेश जारी कर सड़क के किनारों पर अवैध कब्जों को उखाड़ने संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को चुवाड़ी-पठानकोट मार्ग पर दो अवैध कब्जों को लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने तोड़ दिया। साथ ही अन्य को भी सड़कों पर अवैध कब्जे न करने के बारे में चेताया गया है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ विभाग ने सख्ती करना आरंभ कर दिया है।
लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता विजय कुमार वर्मा ने बताया कि अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अपने कब्जे हटाने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को चुवाड़ी नगर पंचायत में दो अवैध कब्जों को हटाया गया है। कहा कि आगे भी यह क्रम जारी रहेगा।