अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। उदयपुर के समीप रावी में अवैध खनन करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है। वीरवार को औचक निरीक्षण कर प्रशासन ने तीन लोगों के चालान काटे और दस हजार रुपये जुर्माना ठोंका। इसके साथ ही सड़क किनारे डंप की गई रेत दोबारा से रावी नदी में फिंकवाई। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्रशासन को यहां अवैध खनन की शिकायतें पिछले काफी समय से मिल रही थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने वीरवार को कार्रवाई की। जिला प्रशासन ने अवैध खनन करने वालों को हिदायत दी है कि अगर दोबारा अवैध खनन किया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की कार्रवाई से अवैध खननकारियों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि मार्ग पर खननकारियों ने मुख्य मार्ग पर रेत डंप कर रखी थी। इसके चलते वाहनों की आवाजाही में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब मार्ग भी काफी चौड़ा हो गया है। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि अवैध खननकारियों के तीन चालान काटकर दस हजार रुपये जुर्माना ठोका गया है।