सुंडला में नदी को जाने के लिए बनाई अवैध सड़क को बंद करती जेसीबी।
- फोटो : Chamba
चंबा। सुंडला में रावी नदी को जाने वाली अवैध सड़क को खनन और पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करके बंद कर दिया है। वीरवार को दोनों विभागों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क को जेसीबी से खोदकर बड़ा गड्ढा बना दिया, जिसके ऊपर से ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकती। साथ ही स्थानीय लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे दोबारा सड़क का निर्माण न करें अन्यथा सड़क बनाने वाले के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
कुछ दिन पहले जिलाधीश डीसी राणा ने सभी विभागों के अधिकारियों को अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। साथ ही नदी-नालों में अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को बंद करने को कहा था। इसके चलते खनन विभाग ने सुंडला में अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए दबिश दी। विभागीय टीम को देख खननकारी नदी से भाग निकले। खनन विभाग ने सड़क को बंद करवाने के लिए सुरंगानी पुलिस को मदद के लिए मौके पर बुलाया। पुलिस और खनन विभाग ने जेसीबी के जरिये अवैध रूप से बनाई गई सड़क को बंद करवाया। विभागीय कार्रवाई के बाद खननकारियों में हड़कंप मच गया है। सुंडला में रावी नदी से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर रेत से भरकर निकाले जाते हैं।
जिला खनन अधिकारी ज्योति पुरी ने बताया कि सुंडला में नदी को जाने वाली अवैध सड़क को बंद करवाया गया है। साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति सड़क खोलने वाले के खिलाफ पुलिस में एफआईआर करवाई जाएगी।