सिहुंता (चंबा)। वन परिक्षेत्र सिहुंता के तहत टुंडी बीट में अवैध कटान किया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके का दौरा किया। यहां वन काटुओं ने तीन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई थी। जानकारी के मुताबिक वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेंद्र राणा को गुप्त सूचना मिली कि सिहुंता क्षेत्र के तहत टुंडी बीट में अवैध कटान किया गया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद उन्होंने टीम गठित की। वन खंड अधिकारी टुंडी रत्न और वनरक्षक को मौके पर भेजा। टीम ने लकड़ी को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही अवैध कटान के मामले में दो लोगों के बयान भी लिए गए हैं, जिन्होंने काटे गए पेड़ों पर अपना मालिकाना हक जताया है। विभाग अब निशानदेही के आधार पर आगामी कार्रवाई करने में जुट गया है।
अगर वन विभाग की जमीन में ये पेड़ पाए जाते हैं तो वन काटुुओं के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी। वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेंद्र राणा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में सूचना मिली थी। मौके पर टीम भेजी गई थी, जहां तीन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई गई है।