चंबा। जिले में रविवार को एचआरटीसी ने महज 31 रूटों पर ही बसें चलाई जबकि 70 रूटों पर बसों की आवाजाही नहीं की गई। इसमें प्रदेश सहित दूसरे राज्यों में चलने वाली लंबी दूरी और स्थानीय रूट शामिल रहे। हालांकि लंबी दूरी के रूटों पर पहले की तरह निर्धारित समय पर बस सेवाएं चलती रहीं। मगर स्थानीय रूटों पर कम संख्या में ही बसों को चलाया गया।
इस वजह से जिले के लोगों को आवाजाही में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। बसों की कम आवाजाही होने के कारण रविवार के दिनभर चंबा बस स्टैंड पर सन्नाटा छाया रहा। सोमवार से सभी लोकल रूट पर एचआरटीसी की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। आरएम चंबा राजन जम्वाल ने बताया कि रविवार को कम रूटों पर बसें चली गई हैं। छुट्टी का दिन होने के कारण मात्र 31 रूटों पर बसें भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार से नियमित रूट से बसें भेजी जाएंगी।