HRTC driver assaulted, uniform torn
चंबा। चंबा-भडेला रूट पर एचआरटीसी बस चालक के साथ तीन भाइयों ने मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने चालक का किहार स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल करवाकर तीनों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजेश कुमार निवासी सुखड़ा ने बताया कि वह एचआरटीसी चंबा डिपो में बतौर चालक कार्यरत हैं। शुक्रवार को चंबा से भडेला रूट पर बस नंबर एचपी 73-5451 को लेकर परिचालक मोहन के साथ जा रहा था। उन्होंने कहा कि सायं 3:35 बजे बस हलोरी पहुंची और कुछ सवारियों को उतारने के बाद उसी समय चार लोग गाड़ी के पीछे लटक गए। गाड़ी को रोककर उनको थोड़ी दूरी पर उतार दिया गया।
बताया कि सायं 3:45 बजे जब बस लेकर चखड़ी पहुंचा तो मालवाहक वाहन में सवार होकर तीन लोग आ धमके। उन्होंने अकारण ही बस की खिड़की खोलकर मुझे गले से पकड़ा और खींचकर बस से नीचे उतार दिया। ऐसा करने से रोकने पर उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालते हुए मुझ पर मुक्कों की बरसात कर दी। इससे उसे चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद किहार थाने में घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक का मेडिकल करवाया।
डीएसपी सलूणी मयंक धीमान ने एचआरटीसी बस चालक के साथ मारपीट करने की पुष्टि की है। बताया कि चालक का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने तीनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।