चंबा। जिले के 12 रूटों पर शनिवार को एचआरटीसी की बसें नहीं दौड़ीं। बसों की समयानुसार मरम्मत न होने से एचआरटीसी प्रबंधन भी समय पर बसों को भेजने में असमर्थ है। आलम यह है कि बसों के समयानुसार न चलने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई रूटों पर बसें अपने निर्धारित रूट पर मरम्मत न होने से समय पर नहीं चल रही हैं।
शनिवार सायं पांच बजे चंबा-धुलाड़ा मार्ग पर चलने वाली बस की मरम्मत समय पर न होने से निर्धारित समय पर नहीं चलीं। इसके चलते बस स्टैंड में घरों को जाने के लिए लोग बसों का इंतजार करते रहे। वहीं, पीस मील वर्करों की अनुबंध पर लाने की मांग को पूरा करने को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद भी वर्कर अधिसूचना जारी होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कह रहे हैं। लिहाजा, अधिसूचना को लेकर अड़े पीस मील वर्करों के अभी काम पर लौटने के आसार कम ही दिख रहे हैं।
एचआरटीसी के चंबा डिपो में 27 पीस मील वर्कर 15-20 साल से सेवारत हैं। इसके अलावा 30 के करीब नियमित कर्मचारी भी तकनीकी विंग का कार्य देख रहे हैं। अनुबंध पर लाए जाने की मांग को लेकर पीस मील वर्कर बीते 20 दिन से टूल डाउन हड़ताल पर है। हकों को लेकर टूल डाउन हड़ताल पर उतरे पीस मील वर्करों को तकनीकी कल्याण कर्मचारी संगठन का भी सहयोग मिला है। शनिवार को परिवहन मंडल की बैठक में वर्करों के हक में आश्वासन दिया गया है लेकिन, पीस मील वर्कर भी अधिसूचना जारी न होने तक काम पर न लौटने का मन बना चुके हैं। शनिवार को 4:30 बजे चंबा-भरमौर, 9 बजे चंबा-चुवाड़ी, 9:30 बजे चंबा-ढांगू-इंदौरा, दोपहर एक बजे चंबा-चुवाड़ी, 1:25 बजे चंबा-हरछू, 2:10 बजे चंबा-मंगलेरा, 2:50 बजे चंबा-दियोला, 4:30 बजे चंबा-चलूंज, 4:50 बजे चंबा-कोल्हडी, 4:40 बजे चंबा-छतराड़ी, 5:40 बजे चंबा-सुनारा-कुंड़ी और चंबा-डलहौजी रूटों पर चलने वाली सेवाएं बंद रहीं।
मरम्मत न होने से बीस बसें वर्कशॉप में खड़ी हैं। वर्करों के काम पर लौटने पर भी इनकी मरम्मत में एक से दो सप्ताह तक का समय लग सकता है।
आरएम चंबा राजन जम्वाल ने बताया कि जिले में 12 रूटों पर एचआरटीसी की बसें समय पर मरम्मत न होने से नहीं चल पाईं। बसों की मरम्मत करवाने के लिए निजी वर्कशॉप और नियमित कर्मचारियों से ओवरटाइम में काम करवाया जा रहा है।