खज्जियार (चंबा)। ग्राम पंचायत खज्जियार के दरोल गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इस वजह से मकान का एक कमरा और बरामदा नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय परिवार दूसरे कमरे में था। अन्यथा जानमाल का नुकसान भी हो सकता था। वहीं जोरदार आवाज सुनकर परिवार कमरे से बाहर निकला।
बाहर निकलने पर उनके सामने जो मंजर था, उसे देख वह आश्चर्यचकित हो गए। उन्होंने पूरी रात जागकर बिताई। जिससे दोबारा भूस्खलन होने पर उन्हें कोई क्षति न पहुंचे। मकान में अनूप कुमार परिवार के साथ रहता था। भूस्खलन के बाद उसके बचे हुए मकान को भी खतरा पैदा हो गया है।
प्रभावित परिवार ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। सूचना मिलने पर शनिवार को पंचायत प्रधान ने गांव का दौरा किया। उन्होंने घटना की सूचना संबंधित पटवारी और कानूनगो को दी। पटवारी शनिवार को मौके पर जाकर घर को पहुंचे और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की।