चंबा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर हरदासपुरा के समीप बाइक दुर्घटना में गृह रक्षक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्ण चंद निवासी साहो के रूप में हुई है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों की मदद से घायल को उठाकर हाईवे तक पहुंचाया। जहां से वाहन के जरिये उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने गृह रक्षक को मृत करार दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवाया। शनिवार को पुलिस देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पूर्ण चंद किहार थाना में बतौर गृह रक्षक तैनात था। छुट्टियां लेकर वह घर आया था। शुक्रवार देर रात चंबा-भरमौर हाईवे पर करियां से चंबा की ओर आते वक्त हरदासपुरा के समीप पूर्ण चंद की बाइक अनियंत्रित होकर 20 मीटर सड़क से नीचे गिर गई। वाहन गिरने की आवाज सुन कर लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर लोगों की मदद से चोटिल को वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत करार दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि बाइक हादसे में गृह रक्षक कर्मचारी पूर्ण चंद की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।