चंबा में धरवाला के पास एनएच खुलने के बाद गुजरते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
मौसम खुलते ही पठानकोट-भरमौर हाईवे दो सप्ताह बाद छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया। मणिमहेश यात्रा के दौरान सैकड़ों वाहनों को भरमौर में छोड़ गए यात्रियों के लिए भी यह राहत भरी खबर है। वे भी अब अपने वाहनों को यहां से लेकर जा सकेंगे।
सोमवार को जब लूणा से भरमौर के लिए छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। इस मार्ग के अवरुद्ध होने के कारण जरूरी खाद्य उत्पादों की सप्लाई भरमौर नहीं पहुंच पा रही थी। लोग पैदल भी चंबा का रुख नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब पैदल के साथ छोटे वाहनों के लिए आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार भरमौर क्षेत्र में सब्जी, दूध और दही सहित अन्य जरूरी उत्पाद दुकानों में खत्म हो गए थे। ऐसे में लोगों की चिंता बढ़ रही थी। भारी बारिश के कारण एनएच को जो नुकसान हुआ था, उसे देख इतनी जल्दी यातायात शुरू होने की संभावनाएं भी कम थी, लेकिन एनएच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात कार्य करके इस कार्य को कर दिखाया।
वाहन चालक हंसराज, केवल कुमार, सूरज, भाग सिंह, योगराज, जितेंद्र, मान सिंह और प्यार सिंह ने बताया कि एनएच को बहाल करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार प्रकट किया।
पठानकोट-भरमौर हाईवे पर छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु करवा दी गई है। बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए कार्य प्रगति पर है।-
जीत सिंह ठाकुर, अधीक्षण अभियंता, एनएच विभाग