बुधवार देर रात हुई भारी बारिश की वजह से जिला भर में भारी तबाही हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान भरमौर उपमंडल में हुआ है। यहां किसानों की राजमाह, आलू और मक्की की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है।
औराफाटी और गुवाड़ में नाले के उफान पर आने से खेतों में कई मीटर तक गहरी नालियां बन गई हैं। स्थानीय किसानों ने भरमौर प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। बारिश का कहर बुधवार को चंबा-भरमौर मार्ग पर भी देखने को मिला। यहां बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से बुधवार शाम को चंबा-भरमौर मार्ग ठप हो गया था। भरमौर की तरफ जाने वाले कई वाहन सड़क पर फंसे रहे और यात्रियों को गाड़ियों में रहकर समय गुजारना पड़ा। भरमौर के अलावा चंबा मुख्यालय में देर शाम हुई बारिश के चलते नालियां बंद हो गई और नालियों का गंदा पानी सड़क पर पहुंच गया। कोर्ट परिसर से पुलिस चौकी तक शहर की मुख्य सड़क का पूरा हिस्सा तालाब में तबदील हो गया और आने-जाने वाले लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ी। इसके अलावा सलूणी, तीसा, खजियार, होली, चुवाड़ी में भी भारी बारिश हुई है।
उधर, एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर का कहना है कि तहसीलदार से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उधर, जिला के दूसरे उपमंडलों में भी एसडीएम नुकसान का आकलन कर रहे हैं जो रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त को सौंपेंगे।