देवीकोठी में किशोरों का टीकाकरण करवाने के लिए जाता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Chamba
चंबा। चुराह विस क्षेत्र के सबसे दुर्गम क्षेत्र देवीकोठी में 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आठ किमी तीन फीट बर्फ में पैदल सफर किया। सुबह निकली टीम दोपहर बाद देवीकोठी पहुंची, जहां 80 किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई। सोमवार को शेष किशोरों को वैक्सीन लगाने के लिए टीम ने दोबारा आठ किमी बर्फ में आवाजाही की। फार्मासिस्ट ललित और हरविंद्र सहित अन्य टीम ने वैक्सीन से भरा बॉक्स उठाकर जंगल के रास्ते तीन फीट बर्फ में पैदल सफर किया। भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद पड़ी हैं, जिसके चलते टीम को पैदल ही देवीकोठी पहुंचना पड़ा।
सुनसान जंगल के रास्ते से होकर जब टीम वैक्सीन का बॉक्स उठाकर जा रही थी तो वहां पर उन्हें सन्नाटा और बर्फ की सफेद चादर के अलावा कुछ दिखाई नहीं दिया। ऐसे में टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे की हौसलाअफजाई की। जब टीम घंटों पैदल चलने के बाद देवीकोठी पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके साहस की प्रशंसा की। साथ ही अपने बच्चों को वैक्सीनेशन लगवाने के लिए स्कूल पहुंचाया, जहां टीम ने अस्सी किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई।
डॉक्टर नितिश मिन्हास ने बताया कि टीम ने आठ किमी बर्फ में चलकर देवीकोठी जाकर किशोरों को वैक्सीन लगाई। वहीं, वैक्सीनेशन अभियान की समन्वयक डॉ. शैलजा सूर्या ने बताया कि बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में किशोरों को वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य टीमें जोरशोर से डटी हुई हैं। बर्फ और ग्लेशियरों को पार कर टीमें वैक्सीन लगाने के लिए पहुंच रही हैं।