बस की समस्या को लेकर उपायुक्त डीसी राणा से मिलने जाते गांव जटकरी के बाशिंदे।
- फोटो : Chamba
चंबा। जटकरी पंचायत के गांव जटकरी, खुबाड़ा, पनेली, बरखंडा, भगियार के ग्रामीणों सहित विद्यार्थियों को सात किलोमीटर का पैदल सफर तय करने के बाद ही बस सेवा का लाभ मिल रहा है। चंबा बस स्टैंड से सायं 5 बजकर 15 मिनट पर चंबा से जटकरी के लिए चलने वाली एचआरटीसी बस अपने निर्धारित रूट पर पहुंचने के बाद सात किलोमीटर आगे भालका में खड़ी की जा रही है। इसके चलते सुबह के समय लोगों को बस पकड़ने के लिए पैदल सफर तय करना पड़ रहा है।
बुधवार को बस के समय में परिवर्तन किए जाने और जटकरी से सुबह आठ बजे बस चलाए जाने की की मांग को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी की अगुवाई में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। जिप अध्यक्ष नीलम कुमारी सहित अनुराग ठाकुर, छोटू राम, अबू कुमार, बंटूराम, महिंद्र कुमार, मनोज कुमार, संजू और सूरज ने कहा कि एचआरटीसी की बस सेवा चंबा-जटकरी के लिए शुरू की गई है। ये एकमात्र बस है, जिससे इलाकावासी और कॉलेज-स्कूल के विद्यार्थी आवाजाही करते हैं। कहा कि यह बस शाम को चंबा से जटकरी के लिए चलती है और वहां सवारियों को छोड़ने के बाद वापस 7 किलोमीटर आगे भालका में खड़ी होती है।
यहीं से सुबह चलती है, जिससे ग्रामीणों और छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बस के समय में परिवर्तन कर सायं 5:15 बजे चंबा से चलाए जाने और सुबह आठ बजे विद्यार्थियों और ग्रामीणों को लेकर जटकरी से ही चलाए जाने की मांग की है। आरएम चंबा राजन जम्वाल ने बताया कि उनके पास इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। कहा कि यदि ऐसा है तो समस्या हल करने के प्रयास किए जाएंगे।