चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए नीदरलैंड से हवाई जहाज के जरिये सीटी स्कैन मशीन भारत पहुंचाई गई। दिल्ली से मशीन को मालवाहक वाहनके जरिये चंबा लाया गया। अब मशीन को स्थापित करने का कार्य ओपीडी ब्लॉक में शुरू हो चुका है। जबकि, एमआरआई मशीन इस्राइल से मंगवाई गई है। सात दिन के भीतर मशीन चंबा पहुंच सकती है। नए साल में चंबा जिले के मरीजों को आधुनिक तकनीक वाली सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा मिलने वाली है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य रोजाना कंपनी से तालमेल करके मशीनों की अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने दोनों मशीनों को जनवरी में शुरू करवाने का लक्ष्य रखा है। मौजूदा समय में जिले के मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज में काफी साल पहले लगी सीटी स्कैन मशीन खराब हो चुकी है। इसकी वजह से मरीजों को सीटी स्कैन करवाने के लिए निजी प्रयोगशाला या टांडा मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा था। जिलावासी लंबे समय से सरकार और प्रशासन से मांग कर रहे थे कि यहां सीटी स्कैन की सुविधा शुरू करवाई जाए। बीस करोड़ की लागत से चंबा में एमआरआई और सीटी स्कैन की मशीनों की स्थापना चंबा में की जा रही है। इन मशीनों को स्थापित करने का कार्य फिलिप्स कंपनी को आवंटित किया गया है। जनवरी के बाद मरीजों को एमआरआई और सीटी के लिए जिले के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही चिकित्सकों को भी मरीजों का इलाज करने में सुविधा मिलेगी।
प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि नीदरलैंड से सीटी स्कैन मशीन चंबा पहुंच चुकी है। एमआरआई मशीन कुछ दिनों में पहुंचने वाली है। मरीजों को अब टेस्ट करवाने के लिए टांडा या शिमला नहीं जाना पड़ेगा।