ऑनलाइन नहीं मिल रहे बीपीएल सर्टिफिकेट
नगर परिषद अभी तक शुरू नहीं कर पाई सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के लोगों को अभी तक बीपीएल के प्रमाण पत्र ऑनलाइन नहीं मिल रहे हैं। नगर परिषद चंबा यह सुविधा शुरू नहीं कर पाई है। ऐसे में लोगों को बीपीएल के प्रमाण पत्र के लिए कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे उनकी दिक्कतें काफी बढ़ जाती हैं। हालांकि, नगर परिषद का हर काम ऑनलाइन हो चुका है। बीपीएल प्रमाण पत्र ऑनलाइन नहीं हुआ है। नगर परिषद का दावा है कि निदेशालय के आदेश आने के बाद बीपीएल के प्रमाण पत्र ऑनलाइन देने की सुविधा शुरू हो सकती है।
गौरतलब है कि नगर परिषद चंबा में 11 वार्डों के 909 परिवार बीपीएल सूची में शामिल हैं। इन्हें बीपीएल का प्रमाण पत्र लेने के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। कई बार अधिकारी और कर्मचारी के कार्यालय में न होने से काम नहीं हो पाता है। वहीं, दूसरे दिन उन्हें कार्यालय आना पड़ता है जिससे उनकी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। नगर परिषद ने अन्य कई कार्य ऑनलाइन कर दिए हैं लेकिन, नगर परिषद बीपीएल प्रमाण पत्र ऑनलाइन शुरू नहीं कर पाई है। नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर का कहना है कि निदेशालय से आदेश आने के बाद बीपीएल प्रमाण पत्र ऑनलाइन उपलब्ध करवाने के उचित प्रयास किए जाएंगे।