हटनाला वार्ड में शिव मंदिर के सामने शौचालय यहां के लोगों को गवारा नहीं है। शौचालय की वजह से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है।
नगर परिषद से लोग इस शौचालय को हटाने के लिए रोष भी जता चुके हैं मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हटनाला वार्ड में सोमवार को अमर उजाला प्रायोजित आपकी आवाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस मसले को जोर-शोर से उठाया है। इतना ही नहीं हटनाला वार्ड में स्थित वंशी-गोपाल मंदिर के पास कूड़ा फेंकने की प्रथा से भी लोग आहत नजर आए। यहां भी नगर परिषद ने मंदिर के बिल्कुल साथ ही कूड़ादान स्थापित कर दिया है लेकिन आबादी के हिसाब से कूड़ादान कम पड़ गया और लोग बाहर की गंदगी फैलाते रहे।
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की अनियमितता की वजह से मंदिर परिसर में दिन भर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। हटनाला वार्ड के लोगों ने नगर परिषद को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बंद न किया गया तो लोग कोई भी बड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। वार्ड में कुछ ऐसा ही हाल लक्ष्मीनारायण मंदिर का भी है। जहां बारिश में नालियां भर जाती हैं और पर्यटकों को वाहन खड़ा करने के लिए जगह ही नहीं मिल पा रही है।