प्रदेश पर 1.10 लाख करोड़ के कर्ज, बेरोजगारी और कर्मचारियों की देनदारियों पर सरकार को घेरा
चंबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी और राशन की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने प्रदेश सरकार पर दस चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है और अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नए जिले बनाने की बातें कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि भारी कर्ज और लंबित देनदारियों के बीच सरकार अपनी प्राथमिकताएं कैसे तय कर रही है।
बुधवार को पत्रकार वार्ता में जय सिंह ने दावा किया कि प्रदेश पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, जबकि कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियां लंबित हैं। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के करीब 65 हजार युवा और प्रदेश के लाखों बेरोजगार स्थायी रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। महिलाओं को 1500 रुपये देने और गोबर खरीदने की गारंटी पूरी नहीं होने का आरोप भी लगाया।
जय सिंह ने चंबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की कमी और उपचार में लापरवाही से हुई मौतों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने साहो में जल शक्ति विभाग का मंडल खोलने की घोषणा पर अमल नहीं होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि चंबा में एक बीपीएल परिवार को तीन महीने का 5300 रुपये का बिजली बिल मिला है। उन्होंने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी पर भी जवाब मांगा। साथ ही राशन डिपुओं में देरी से आपूर्ति, अधूरा राशन मिलने और आटे में कीड़े पाए जाने की शिकायतें उठाईं। जय सिंह ने कहा कि जनता आगामी चुनाव में सरकार से उसके वादों और कामकाज का हिसाब मांगेगी।