बोंखरी मोड़ के समीप खराब खड़ी परिवहन निगम की हरिद्वार-चंबा रूट की बस।
- फोटो : Chamba
बनीखेत (चंबा)। सरकारी बसों में सफर करना अब लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। कोई दिन ऐसा नहीं है जिस दिन बसें बीच रास्ते में खराब नहीं हो रही हैं।
अब चंबा से लंबे रूटों पर जाने वाले सरकारी बसें भी बीच राह हांफना शुरू हो गई हैं। मंगलवार को हरिद्वार से चंबा आ रही सरकारी बस बौंखरी मोड़ में हांफ गई। चालक और परिचालक ने बस की मरम्मत करने का भरसक प्रयास किया लेकिन बस को दुरुस्त नहीं कर पाए। इसकी वजह से बस में सफर कर रहीं 22 सवारियों को चंबा जा रही दूसरी सरकारी बस में भेजना पड़ा।
इसी तरह मंगलवार रात चंबा से चंडीगढ़ जा रही बस बाथरी के पास पटना मोड़ में खराब हो गई। बस में सफर करने वाली सवारियों को दो घंटे तक रात के अंधेरे में दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। चंबा से रात बारह बजे बाथरी पहुंची दूसरी बस में सवारियां चंडीगढ़ के लिए रवाना हो पाईं। दो दिन पहले भी एनएच पर सरकारी बसें हांफने की सूचना मिली थी। पहले लोकल रूटों पर जाने वाली बसें खराब हो रही थीं अब लंबे रूटों पर जाने वाली बसें भी मंजिल तक पहुंचाने से पहले ही हांफ रही हैं।
यात्रियों राजेश कुमार, हंसराज, केवल, सूरज, मनोज कुमार, टेक चंद, रवि कुमार और प्यार सिंह ने सरकार और निगम से मांग की है कि लंबे रूटों पर नई बसों को भेजा जाए जिससे सवारियों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।
कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर ने बताया कि दो बसें तकनीकी खराबी आने से खराब हुई थीं। सवारियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए दूसरी बसों की व्यवस्था कर दी गई थी। रूटों पर भेजने से पहले बसों की पूरी तरह से जांच-पड़ताल की जा रही है।