आर्थिक सहायता के लिए आवेदन लेकर भटकने पर मजबूर चीह पंचायत के ठाकुर दास
किडनी ट्रांसप्लांट के बाद दयनीय हो चुकी है परिवार की आर्थिक स्थिति
बोले- रोजाना 16 हजार रुपये आ रहा दवाइयों का खर्च, आर्थिक मदद मांगी
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। बीपीएल से संबंध रखने वाले चीह पंचायत के ठाकुर दास आर्थिक सहायता के लिए आवेदन लेकर भटकने को मजबूर हैं। 2023-24 में किडनी ट्रांसप्लांट होने के बाद उनके परिवार की हालत काफी दयनीय हो चुकी है।
पीड़ित ने उपायुक्त को भी दुखड़ा सुनाया है। 6 अगस्त, 2025 को उपायुक्त ने मामला एसडीएम चुराह को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा है। यह आवेदन कई महीनों से सरकारी फाइलों में उलझा है।
पीड़ित ठाकुर दास ने बताया कि उनके परिवार में सास चमेली देवी, पत्नी मानो देवी, बेटा चौहान सिंह, बेटी ज्योति, बहू पानो देवी और छह माह की पोती है। उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की सर्जरी पीजीआई चंडीगढ़ में हुई थी। ऑपरेशन के बाद से लगातार इलाज और महंगी दवाइयों के चलते आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। इस पर उन्होंने उपायुक्त कार्यालय में सहायता के लिए आवेदन किया था। प्रति माह दवाइयों का खर्च 16 हजार रुपये आता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द आर्थिक सहायता दी जाए।
एसडीएम चुराह राजेश जरियाल ने बताया कि मामला ध्यान में है। सभी जानकारी एकत्रित करवा कर पूरा ब्योरा उपायुक्त को भेजा जाएगा। वहीं से ही आगे सीएम कार्यालय को भेजा जाएगा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि एसडीएम चुराह से जानकारी एकत्रित कर जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।