संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत डियुर के कुठेड़ गांव में गोशाला में आग लगने से तीन गायें जिंदा जल गईं। गोशाला में रखे गए छह मुर्गे भी आग की भेंट चढ़ गए। जानकारी के मुतबाकि वीरवार की रात को अब्दुल गनी की गोशाला जो घर से करीब 200 मीटर की दूर पर थी, उसमें अचानक आग लग गई।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने अब्दुल गनी को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन जब तक गोशाला की आग शांत हुई तब तक उसके अंदर रखे तीन मवेशी और छह मुर्गे जल गए। डियुर पंचायत के प्रधान देसराज ने बताया कि वीरवार रात को जैसे ही इस घटना के बारे में उन्हें सूचना मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंच गए लेकिन गांव वासियों के प्रयासों के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने प्रभावित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उपमंडल अधिकारी सलूणी डॉ. स्वाति गुप्ता ने बताया कि नायब तहसीलदार और पटवारी को मौके पर भेजा गया है। प्रथम दृष्टि में डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी आर्थिक राहत राशि जारी कर दी है। बाकी सहायता नुकसान का आकलन होने के बाद जारी की जाएगी।