संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा से शिमला रूट की सरकारी बस का लाहडू के पास अचानक एयर कंप्रेशर खराब हो गया। इससे बस की ब्रेक कम लगने लगी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित किया। जैसे ही सड़क के बीचोबीच सड़क झटका खाकर रुकी तो अंदर बैठी सभी सवारियों में हड़कंप मच गया। सभी सवारियां बस से नीचे उतर गईं।
रात करीब 10:00 बजे 40 सवारियां सड़क के बीच ही फंस गईं। चुवाड़ी बस अड्डे से दूसरी बस मंगवाकर सवारियों को शिमला की तरफ रवाना किया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। यदि चालक समय रहते अपनी सूझबूझ से बस को नियंत्रित नहीं करता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। आरएम सहिल कपूर ने बताया कि बस में एयर कंप्रेशर में तकनीकी खराबी आई थी। चालक के बताने पर दूसरी बस भेजकर सवारियों को शिमला रवाना कर दिया गया।