बनीखेत (चंबा)। 22.20 ग्राम चिट्टा के साथ धरे गए हरियाणा के दोनों युवकों को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डलहौजी के सम्मुख शुक्रवार को पेश किया गया। यहां से दोनों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस अब युवकों से विस्तार से जानकारी एकत्रित करने का प्रयास करेगी।
जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात भरमौर-पठानकोट हाईवे 154ए के अंतर्गत कंटोनमेंट बैरियर के पास एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कांगड़ा (एएनटीएफ) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान शैंकी कुमार निवासी गांव सनौली डाकघर और तहसील बापौली जिला पानीपत एवं अनिरुद्ध कुमार निवासी गांव सनौली डाकघर तहसील बापौली जिला पानीपत हरियाणा अपनी कार नंबर एचआर-26 बीके-1271 से हरियाणा से डलहौजी की ओर आ रहे थे। कार को जांच के लिए रोका गया तो दोनों युवक बुरी तरह से घबरा गए। तलाशी के दौरान दोनों युवकों से 22.20 चिट्टा बरामद कर दोनों को हिरासत में लिया। एएनटीएफ कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड मिली है।