कांग्रेस ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चंबा दौरे को सफल करार दिया है। पार्टी का कहना है कि खराब मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री ने चंबा का दौरा स्थगित नहीं किया और वे सड़क मार्ग से चंबा तक पहुंचे।
यहां उन्होंने विकास की झड़ी लगा दी और एक के बाद एक कई सौगातें चंबा को दी हैं। जिसका आने वाले दिनों में चंबा को फायदा मिलेगा। विपणन बोर्ड के अध्यक्ष नीरज नैय्यर ने चंबा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने चंबा मेडिकल कॉलेज के जल्द शुरू होने, चंबा बस स्टैंड का निर्माण कार्य आगामी दो महीनों में पूरा होने समेत अस्पताल में 100 बिस्तरों का भवन, करियां में कल्याण भवन का कार्यालय और रठियार में पुल का उद्घाटन किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चंबा मेडिकल कॉलेज में प्रिंसिपल की तैनाती कर दी है। अब सभी प्रशासनिक कार्य शुरू हो गए हैं। उम्मीद है कि वर्ष 2017 में चंबा का मेडिकल कॉलेज शुरू हो जाएगा। जिसके बाद चंबा में स्वास्थ्य संबंधित सभी दिक्कतें खत्म हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि चंबा जिला को कोऑपरेटिव बैंक की पांच नई ब्रांच मिली हैं। जिनमें से साहो, किलाड़, धरवाला, सुंडला व करियां शामिल हैं। इन ब्रांच के खुलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नीरज नैय्यर ने कहा कि कांग्रेस जिस भी उम्मीदवार को चंबा में टिकट देगी सभी पदाधिकारी उसका साथ देंगे। इस मौके पर अल्पसंख्यक बोर्ड के निदेशक लियाकत अली, विनित बिज समेत अन्य मौजूद थे।