मिंजर मेला संपन्न होते ही प्रशासन ने सोमवार को चौगान में दबिश देकर डोम से बाहर दुकानें सजाए बैठे कारोबारियों को खदेड़ दिया। प्रशासन ने कारोबारियों का सारा सामान जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस भी मौजूद रही।
सोमवार को चौगान नंबर एक में एडीएम शुभकरण सिंह और नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी व तहसीलदार चंबा अमन राणा की अगुवाई में व्यापारियों को खदेड़ने का अभियान चलाया गया। इस दौरान आनाकानी करने वाले व्यापारियों का सामान भी जब्त किया गया। जिसे वाहन के माध्यम से चौगान नंबर एक से बाहर ले जाया गया। प्रशासन ने डोम से बाहर किसी भी कारोबारी को सामान न बेचने देने की बात कही है। उधर प्रशासन और नप के इस कदम को देख कर चौगान में डेरा जमाए बैठे व्यापारियों में खलबली मच गई है। हर व्यापारी अधिक से अधिक सामान बेच कर मुनाफा कमाना चाहता है।
गौरतलब है कि मिंजर मेला समापन के बाद भी चंबा के चारों चौगान में लगे अस्थायी बाजार में व्यावसायिक गतिविधियां जोर-शोर से चल रही हैं। जहां पर न तो खरीदारों की भीड़ घट रही है और न ही यहां पर डेरा जमाए बैठे व्यवसायियों के गोदाम खाली हो रहे हैं। उधर, अतिरिक्त दंडाधिकारी चंबा शुभकरण सिंह ने बताया कि प्रशासन ने डोम के लिए जगह नीलाम की है। किसी भी कारोबारी को डोम के बाहर सामान नहीं बेचने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डोम से बाहर दुकानें सजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।