पुलिस अधीक्षक आवास के साथ लगती पहाड़ी में पड़े कूड़े में मंगलवार सुबह अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। कूड़े में लगी आग-धीरे-धीरे पूरी पहाड़ी मे फैलने लगी।
आग के धुएं की वजह से कैफे मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा चौगान में खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने आए प्रतिभागियों को भी आग के धुएं की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग को बेकाबू होता देख चौगान में तैनात पुलिस कर्मियों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर पहाड़ी में लगी आग को बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पहाड़ी की आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया। स्थानीय लोगों में राकेश कुमार, चंद राम, अशोक कुमार, तिलक राज, प्यार सिंह, मनोज कुमार, सुरेश कुमार, अमीर चंद, केवल कुमार और रविंद्र कुमार ने बताया कि चंबा शहर से कूड़ेदान से कूड़ा उठाने की बजाय कूड़े को जलाया जा रहा है। कूड़ेदानों में आग लगाने से पहले भी आगजनी की घटना घटित हो चुकी है।
उसके बावजूद भी शहर के कूड़ेदानों में आग लगाई जा रही है। सोमवार को शाम के समय चौगान नंबर पांच के पास रखे कूड़ेदान में किसी ने आग लगा दी। जिससे धुआं वाहन चालकों व राहगीरों के लिए परेशानी बना रहा। उधर, अग्निशमन कार्यालय चंबा के प्रभारी कैलाशो राम ने बताया कि मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आवास के पास पहाड़ी में आग लगी दी गई जिसे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया।