मेडीकल कॉलेज की निरीक्षण करते उपायुक्त।
- फोटो : अमर उजाला
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के कैजूअल्टी वार्ड के निर्माण को लेकर कार्य करवा रहे ठेकेदार को उपायुक्त ने शीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मौजूदा कैजूअल्टी वार्ड के निर्माण के डिजाइन को भी प्रशासन ने नकार दिया है।
मौजूदा निर्माण कार्य से वार्ड में प्राकृतिक रोशनी न के बराबर पहुंच रही है। ऐसे में शीघ्र मौजूदा स्वरूप को रोशनी के अनुकूल बनाकर शीघ्र कार्य को समाप्त किया जाए। निर्माण कार्य के अनुसार कैजूअल्टी का निर्माण कर रहे ठेकेदार को 6 अक्तूबर तक कार्य पूरा करके देना था लेकिन तय सीमा अवधि से एक माह ऊपर हो गया है।
अभी तक वार्ड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। वहीं इस दौरान क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा के चिकित्सा अधीक्षक जीवानंद चौहान ने उपायुक्त सुदेश मोख्टा को क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में पेश आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी दी।
चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मौजूदा समय में क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी चल रही है। यहां तक कि ओपीडी की पर्ची बनाने के लिए स्टाफ नहीं है। ऐसे में क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में लोगों को सरकार के निर्देशों के अनुसार चिकित्सा सुविधा मिलती है। इसके लिए शीघ्र प्रभावी प्रयास उठाने की आवश्यकता है। उधर उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने शीघ्र उपरोक्त समस्याओं का निवारण करने का विश्वास दिलाया है। उन्होंने बताया कि चंबा में मेडिकल कॉलेज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल को स्तरीय बनाया जाएगा।