धरवाला(चंबा)। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव गैहरा में एक सब्जी की दुकान जलकर राख हो गई। वीरवार देर रात्रि के समय हुई इस घटना से सब्जी विक्रेता को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। देर रात्रि के समय लकड़ी की दुकान में आग किन कारणों से लगी, यह अपने आप में एक पहेली है। बहरहाल, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गैहरा चौकी पुलिस टीम ने अपने स्तर पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे गांव गैहरा में निकटवर्ती गांव जौआ का भिंद्र सब्जी की दुकान चला रहा था। दुकान लकड़ी से बनाई गई थी। वीरवार शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। मध्य रात्रि के समय उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। इसकी जानकारी उन्हें फोन के माध्यम से मिली। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन सब राख हो गया। नायब तहसीलदार धरवाला हंसराज रावत ने बताया कि उन्हें इस बारे जानकारी मिली है। बहरहाल, संबंधित पटवारी को मौके पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए भेजा गया है।