चंबा। जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को गांधी जयंती पर उपायुक्त कार्यालय के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद टैक्सी स्टैंड में इकट्ठा होकर हाथरस में बिटिया से हुई बर्बरता के खिलाफ यूपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इतना ही नहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी फूंका। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीरज नैयर ने कहा कि हाथरस में एक बिटिया के साथ बर्बरता हुई है और भाजपा की योगी सरकार खामोश बैठी है। आरोपी खुले आम घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रहे कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को रोक लिया गया। पुलिस द्वारा उनके साथ धक्कामुक्की की गई। जो इस बात को दर्शाती है कि यूपी की सरकार उपरोक्त मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करना चाहती।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करतार ठाकुर ने भी योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि यूपी सरकार छोटी बच्ची की सुरक्षा नहीं कर सकती। ऐसी सरकार प्रदेश की सुरक्षा कैसे करेगी। यूपी में आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। खासतौर पर महिलाएं व छोटी बच्चियां अकेली सड़क पर चलने से कतरा रही हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, जिला कांग्रेस कमेटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन रावत, विजय कुमार, पंडित लक्ष्मीधर शर्मा, जगदीश हांडा, परमेश पुरी, अरुण शर्मा, जितेंद्र सूर्या, शिवकरण, ललिता शर्मा, रीना भारद्वाज, देवराज, मनोज कुमार, नेक राम, जीवन सलारिया सहित कांग्रेस के अन्य नेता व पदाधिकारी भी मौजूद रहे।