मंगला (चंबा)। कबाड़ की दुकान में आग सेंकते वक्त तेज हवा के कारण झुलसे व्यक्ति ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। व्यक्ति की पहचान देसराज (58) पुत्र नंता गांव चुंगाड़ी ग्राम पंचायत बख्तपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक देसराज चुंगाड़ी में कबाड़ की दुकान चलाकर अपना और परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। मंगलवार रात 8:30 बजे ठंड लगने पर उन्होंने दुकान के भीतर आग जलाई थी। अचानक तेज हवा के साथ आग दुकान के भीतर रखे घास में लगने से देखते ही देखते फैल गई जिसे बुझाने की उन्होंने कड़ी मशक्कत की। बावजूद इसके आग की चपेट में आने से वह भी काफी झुलस गए।
उनके चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर वहां से बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया जहां से उन्हें टांडा रेफर कर दिया गया। टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाने पर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। पीजीआई में शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार को पैतृक गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंचायत प्रधान बख्तपुर उधम सिंह ने प्रशासन से प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद की गुहार लगाई है।