उद्यान विभाग के जरिये उपलब्ध करवाए पौधे, रोपाई का खर्च भी मिलेगा
पौधों लगाने वाली लेबर के खाते में डाली जाएगी दिहाड़ी, किसानों की चिंता खत्म
लाडा के तहत बागवानी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वीकृत हुआ है बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। साहो क्षेत्र में किसान अब मनरेगा के तहत अपने खेतों में फलदार पौधे भी लगाएंगे। इसके लिए पंचायत ने साठ लाख की लागत से विभिन्न किस्मों के पौधे उद्यान विभाग से लेकर किसानों को आवंटित किए हैं। ये पौधे क्षेत्र के 60 किसानों को आवंटित किए गए हैं। इसमें साठ हजार रुपये की लागत पौधों की खरीद पर रहेगी। जो कि सीधे उद्यान विभाग के खाते में जमा होगी। जबकि, खेतों या बगीचे में पौधे रोपित करने के ऊपर आने वाली लागत लेबर के खाते में डाली जाएगी। इसमें गड्ढा खोदने से लेकर पौधे को लगाने का कार्य किया जाएगा।
शनिवार को साहो में खंड विकास अधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसानों को फलदार पौधे आवंटित किए। इसमें खुमानी, सेब, प्लम और अनार के पौधे शामिल रहे। नाबार्ड के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए यह मुहिम शुरू की गई है। इसमें किसानों को बगीचे में लगाने के लिए जहां मुफ्त पौधे आवंटित किए जा रहे हैं , वहीं पौधों को सही तरीके से लगाने के लिए लेबर का खर्चा भी दिया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी रणवीर विजय कटोच ने बताया कि किसानों को फलदार पौधे आवंटित किए गए हैं। इसे लेकर मनरेगा के तहत सेल्फ पास किया गया था। इस मौके पर साहो पंचायत प्रधान पूजा शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, पूर्व जिप सदस्य लियाकत खान, किसान युवक मंडल प्रधान अरुण शर्मा और कलस्टर प्रधान हेम राज शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।