चंबा। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत चकलू में पानी की समस्या अब विकराल होती जा रही है। बांध में पानी का स्तर कम होने से जहां उठाऊ पेयजल योजना ठप हो गई है तो वहीं, दो पानी के टैंकर पूरी पंचायत की प्यास बुझाने में जुटे हुए हैं। हैरानी की बात तो यह है कि यह समस्या सालों से चली आ रही है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल आज दिन तक नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने सरकार और नेताओं पर अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी पंचायत की आबादी दो हजार से अधिक है लेकिन अभी तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बताया कि रोजाना पानी के लिए उन्हें कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और दो से तीन बाल्टी ही दिनभर के लिए पानी मिल पा रही हैं।
गौरतलब है कि पंचायत की प्यास बुझाने के लिए बांध से पानी लिफ्ट किया गया है। वर्तमान में बांध में पानी का स्तर काफी कम हो गया है। इससे विभाग के पंप तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। बताया जा रहा है कि आगामी 15 जनवरी तक यही समस्या रहेगी और लोगों को दो से तीन बाल्टी ही पानी मिल पाएगा।
पेयजल के लिए ग्रामीण टैंकरों पर निर्भर
स्थानीय निवासी भारतभूषण का कहना है कि पंचायत में वर्तमान में भरपूर पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण टैंकरों पर ही निर्भर हैं।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार का कहना है कि पानी की समस्या के लिए सरकार और प्रशासन से गुहार कई बार लगा चुके हैं, लेकिन आज दिन तक इसका समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासी यशुमाण्डला का कहना है कि स्थानीय व्यक्ति ज्ञान शर्मा की ओर से पिकअप के माध्यम से तीन गांवों के लिए पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके लिए उन्होंने उनका आभार जताया है। सुरेश कुमार का कहना है कि जनवरी माह तक समस्या का समाधान नहीं होगा। इसलिए सरकार को टैंकरों की संख्या बढ़ानी चाहिए, जिससे लोगों को भरपूर पानी मिल सके।
उधर, जलशक्ति विभाग तीसा के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। प्रशासन के सहयोग से टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि हर परिवार को जरूरत के मुताबिक पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। 15 जनवरी के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
ज्ञान शर्मा गाड़ी से करवा रहे पानी की आपूर्ति
ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय निवासी ज्ञान शर्मा अपने खर्चे से तीन गांवों को पानी की आपूर्ति पिकअप के माध्यम से करवा रहे हैं। दो समय ग्रामीणों को पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने ज्ञान शर्मा का आभार जताया है।