चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले 145 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। इस संदर्भ में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं करवाए हैं। इससे पहले भी बिजली बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं को कई बार कर्मचारियों के माध्यम से बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कोई भी बिल जमा नहीं किया गया।
अब बोर्ड ने बिजली काटने के आदेश जारी किए हैं। साफ किया है कि दोबारा कनेक्शन सुचारु करवाने के लिए उपभोक्ताओं को ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
बोर्ड ने साढ़े चार लाख की राशि उपभोक्ताओं से बिजली बिल के रूप में वसूलनी है। ये उपभोक्ता अनुभाग सरोल मरेड़ी, साहो और चनेड़ क्षेत्र से संबंधित हैं। सहायक अभियंता अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा नहीं करवाया था। कहा कि अगर उपभोक्ता बिल जमा नहीं करवाते हैं तो इनके कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।