पांगी (चंबा)। सिविल अस्पताल किलाड़ में अब उपचाराधीन रोगियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अमर उजाला ने किलाड़ अस्पताल में चल रही अव्यवस्था को लेकर प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल में पानी और बिजली की सप्लाई सुचारु करवा दी। अस्पताल में व्यवस्थाएं पटरी पर लौटने से मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली है।
सिविल अस्पताल किलाड़ पर कबायली क्षेत्र पांगी की 19 पंचायतों मिंधल, पुर्थी, रैंई, शौर, फिंडरू, साच, साहली, सेचू, शुण, कुमार, किलाड़, करेल, कुफा, करयूनी, धरवास, लुज, करियास, हुड़ान और सुराल की 30,000 की आबादी स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्भर है।
किलाड़ अस्पताल में पेयजल और बिजली की आपूर्ति सात दिन से बाधित पड़ी थी। तीमारदारों को पेयजल और अन्य उपयोग के लिए पानी अस्पताल परिसर से बाहर स्थित दुकानों से लाना पड़ रहा था। बीएमओ किलाड़ डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि अस्पताल में बिजली और पानी की सप्लाई को सुचारु करवा दिया गया है।