डलहौजी (चंबा)। नगर नियोजन विभाग ने पर्यटन नगरी डलहौजी में बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ भवनों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। नगर नियोजन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अवैध निर्माणों को लेकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन होटलों और पांच रिहायशी भवनों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटे गए। ये होटल और भवन लोहाली, सदर बाजार और गांधी चौक के आसपास बताए जा रहे हैं। नगर नियोजन विभाग चंबा के कनिष्ठ अभियंता राज कुमार ने बताया कि इन अवैध निर्माणों को लेकर समय-समय पर नोटिस जारी किए गए थे।
उन्होंने बताया कि ये मामले पिछले दो-तीन वर्षों से लंबित थे। समय बीत जाने के बाद नगर नियोजन विभाग के नियमों के अनुसार इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। उधर, नगर नियोजन विभाग की ओर से की गई कार्रवाई से डलहौजी में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो कई और ऐसे मामले पेंडिंग पड़े हुए हैं।