तीसा उपमंडल की पांच पंचायतों में आठ दिन बाद बिजली की सप्लाई बहाल हो गई है। बघेईगढ़, चांजू, चरड़ा, देहरा व दियोला पंचायत में पिछले आठ दिनों से बिजली की सप्लाई बंद थी लेकिन आठ दिन के बाद बिजली की सप्लाई बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
22 मार्च कठवाड़ घार में भारी भूस्खलन होने के कारण इन पंचायतों की बिजली सप्लाई कट हो गई थी। जिसे विद्युत बोर्ड द्वारा 29 मार्च को शाम समय करीब साते बजे बहाल किया गया। लंबे समय से बिजली की सप्लाई बंद रहने ग्रामीणों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो चुके थे। जिसके कारण ग्रामीण मोबाइल पर एक दूसरे से बात भी नहीं कर पा रहे थे। ग्रामीणों को आठ रातें अंधेरे में ही काटनी पड़ी।
स्थानीय निवासी पांजा राम, धर्मपाल, किशोर, तिलक सिंह, चंद राम, राकेश, रोशन लाल, दीन दयाल व प्यारू ने बताया कि आठ दिनों तक बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चे रात के समय अपनी पढ़ाई नहीं कर पाए। उन्होंने बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए विद्युत बोर्ड का धन्यवाद किया है।
भूस्खलन से प्रभावित थी लाइन : बोर्ड
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि कठवाड़ घार में भारी भूस्खलन होने से पांच पंचायतों की बिजली लाईन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गइ थी। जिसके कारण पांच पंचायतों की बिजली सप्लाई बंद हो गइ थी। पांच पंचायतों की बंद हुई बिजली सप्लाई को मंगलवार शाम समय सात बजे बहाल कर दिया गया है।