Electricity connection of 25 consumers will be cut
सिहुंता (चंबा)। बिजली बिलों की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड प्रबंधन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विद्युत उपमंडल सिहुंता के दायरे में आने वाले 25 उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर बिजली कनेक्शन काटने के आदेश विद्युत बोर्ड ने जारी किए हैं तो वहीं, 94 उपभोक्ताओं को को बिजली बिल जमा करवाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
बोर्ड ने साफ किया है कि अगर 15 दिन में बिजली बिल जमा न किए गए तो उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। उसके बाद पूरा बिल अदा करने के अलावा उपभोक्ता को ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क जमा करवाना होगा।
जानकारी के मुताबिक बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से करीब 35 लाख की राशि बिजली बिल के रूप में वसूलनी है। गौरतलब है कि सिहुंता उपमंडल के तहत सिहुंता, टुडी, हटली, कामला, मोरठू और जोलना के कुछ बिजली उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। नोटिसों से कुछ समाधान न होने पर अब बोर्ड ने सख्ती करते हुए अंतिम नोटिस भेजकर उपभोक्ताओं को 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने का अल्टीमेटम दिया है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता कुलजीत परमार ने यह जानकारी दी है।