चंबा। जिले में कोरोना टीकाकरण के मामले में शिक्षा खंड सिहुंता अव्वल रहा है। अब तक के टीकाकरण अभियान में सिहुंता शिक्षा खंड ने ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। ब्लॉक के तहत 1975 विद्यार्थी पंजीकृत हैं और सभी को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। जबकि, अन्य ब्लॉकों में भी औसतन नब्बे प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। खराब मौसम और बर्फबारी के चलते जनजातीय क्षेत्र पांगी में अभियान की जानकारी विभाग को प्राप्त नहीं हो पाई है। क्षेत्र में इस साल काफी बर्फबारी जनवरी में हुई है।
यहां 639 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कुल मिलाकर जिले में वैक्सीन की पहली डोज के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखा है। जिले में ओवरऑल 92 प्रतिशत टीकाकरण अभी तक हो चुका है। जिले में तीन जनवरी से स्कूली बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान का आगाज हुआ। उसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया। बर्फबारी थमने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उलांसा, बड़ग्रां जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जाकर बच्चों का टीकाकरण किया है। गौरतलब है कि जिले में 15 शिक्षा खंड हैं। पांगी ब्लॉक से ही वैक्सीनेशन का आंकड़ा उपलब्ध नहीं हो पाया है। यहां काफी बर्फबारी भी हुई है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क का कहना है कि जिले के शिक्षा खंड सिहुंता में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।