खाली बर्तनों के साथ खड़े शिकारी गांव के ग्रामीण।
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत तीसा-द्वितीय के शिकार गांव में 15 दिन से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। पेयजल आपूर्ति बंद होने से भीषण गर्मी में ग्रामीण दो किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोत सपड़ी से पानी ढोने के लिए विवश हैं। पानी की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को अपने मवेशियों को पानी पिलाने की भी समस्या हो रही है। ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से गांव में पेयजल आपूर्ति को जल्द सुचारु करवाने की मांग की है।
गौरतलब है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही चुराह घाटी के गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। पानी के अभाव में विशेषकर गृहिणियों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया लेकिन, अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है।
ग्रामीण ध्यान सिंह, चरण सिंह, महेंद्र सिंह, प्रकाश चंद, प्रमोद कुमार, जितेंद्र सिंह, रमेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, राकेश कुमार आदि ने कहा कि गांव में पानी की आपूर्ति न होने से सौ परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का हल न होने पर वे पानी के बिलों की अदायगी नहीं करेंगे।
शिकारी वार्ड की पंच पारो देवी ने आरोप लगाया कि शिकारी गांव के साथ गांव वाले लोग अक्सर पानी बंद कर उसे अपने बगीचों में लगा देते हैं। इससे उनके गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने विभाग से गांव का निरीक्षण कर पानी की आपूर्ति को बंद करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसने की मांग की है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा ने बताया कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है। ग्रामीणों की समस्या को हल करवाने के लिए कर्मचारियों को गांव में भेजा जाएगा।