चंबा। ग्राम पंचायत गुराड़ के सुलाह गांव में पिछले 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग और टोल फ्री नंबर 1100 पर शिकायतें की गईं पर समाधान नहीं मिला।
गांव निवासी अश्वनी शर्मा ने बताया कि उनके घर सहित पूरे गांव में नलों में पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने जल शक्ति विभाग को कई बार फोन पर सूचित किया। इसके अतिरिक्त, 1100 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई। हालांकि, विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को दूरदराज के प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
पेयजल संकट के कारण पीने के पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। पशुओं के लिए पानी जुटाने और रोजमर्रा के घरेलू कामकाज निपटाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान न होने पर वे विभागीय कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। विभाग के सहायक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में है। उन्होंने जल्द निदान का आश्वासन दिया।