चंबा। विकास खंड चंबा में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खंड स्तरीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हो गई। कार्यशाला में विभिन्न पाठशालाओं के 45 अध्यापक भाग ले रहे हैं। कार्यशाला की अध्यक्षता खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अविनाश ठाकुर कर रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यशाला में मुख्य रूप से पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसमें इन कक्षाओं को पढ़ाने वाले अध्यापकों को बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणना करने की क्षमता विकसित करने के लिए विभिन्न शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान अध्यापकों को बताया जा रहा है कि किस तरह रोचक और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर भाषा और गणित का बेहतर ज्ञान दिया जा सकता है। इसके अलावा बच्चों की सीखने की क्षमता को समझकर उनकी जरूरतों के अनुसार शिक्षण प्रक्रिया अपनाने के तरीके भी बताए जा रहे हैं। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अविनाश ठाकुर ने बताया कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान बच्चों की शिक्षा की मजबूत नींव है। प्रारंभिक कक्षाओं में पढ़ने, लिखने और गणना करने की दक्षता विकसित करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अध्यापकों की क्षमता निर्माण के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण से अध्यापकों को कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।