चंबा। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत द्रम्मण के चिलाड़ मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें खिताबी मुकाबला मंगला और द्रम्मण के बीच खेला गया। इसमें द्रम्मण की टीम ने मंगला को दस विकेटों से बड़ी शिकस्त दी और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सन्नी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की ग्यारह टीमों ने भाग लिया।
खिताबी मुकाबला मंगला और द्रम्मण के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर द्रम्मण की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए मंगला की टीम निर्धारित दस ओवरों में मात्र 51 रन पर ही सिमट गई। इसमें बल्लेबाज पंकी ने 33 रनों का योगदान दिया। द्रमण की तरफ से गेंदबाज काकू ने दो और मितू ने तीन विकेट हासिल किए। मगर लक्ष्य का पीछा करने उतरी द्रमण की टीम ने महज पांच ओवर में ही लक्ष्य को हासिल करके खिताब अपने नाम किया।
इसमें अंगद ने 26 रनों की बेहतरीन पारी खेली। विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव सन्नी का कहना है कि खेल प्रतियोगिता आयोजित करने का मकसद युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना है।