साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत चंबी के धार, सौतल और धुड़धा गांव आजादी के बाद से लेकर अब तक सड़क सुविधा से अछूते हैं। सड़क के अभाव में ग्रामीणों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रामीणों की मानें तो गांव में अचानक कोई बीमार हो जाता है तो उसे पीठ पर उठा कर या पालकी के सहारे ही तीन से पांच किलोमीटर का पैदल उबड़-खाबड़ रास्ता पार कर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। उसे के बाद ही मरीज को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाता है। कई बार विभाग और राजनेताओं से गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई गई है। बावजूद अभी तक गांव सड़क सुविधा से कोसों दूर हैं। ग्रामीणों ने सदर विधायक नीरज नैयर से उनके गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों में नुर्ध राम, नरेश कुमार, साहबणु राम, चैन लाल, कमल कुमार, नरेश कुमार, त्रिलोक कुमार, बिट्टू, चमन सिंह, चतरो राम ने बताया कि गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर वे सदर विधायक नीरज नैयर से मिले। जिसके बाद उनके गांवों में सर्वे करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी पहुंचे। यदि गांवों में सड़क सुविधा मिलती है तो इससे ग्रामीणों, किसानों-बागवानों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर सड़क का निर्माण कार्य आरंभ करवाने की मांग उठाई है।
उक्त गांवों का सड़क निर्माण को लेकर सर्वे करवाया गया है। सर्वे के बाद विभाग अपने स्तर पर अब अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में जुट गया है। औपचारिकताएं पूरी होने पर विभाग प्रस्ताव बना कर स्वीकृति के लिए भेजेगा।
दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग