चंबा। जिले में टीबी के छिपे मरीजों की पहचान अब और तेजी से हो सकेगी। केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य विभाग चंबा को चार नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनें उपलब्ध करवाई हैं।
इन मशीनों के मिलने से टीबी स्क्रीनिंग अभियान को मजबूती मिलेगी और दूरदराज के क्षेत्रों में भी संभावित मरीजों की जांच आसान हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के पास पहले केवल एक पोर्टेबल एक्सरे मशीन थी, जिसके माध्यम से टीमें विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में जाकर टीबी की स्क्रीनिंग करती थीं।
विभाग की मांग पर अब चार अतिरिक्त मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें से स्वास्थ्य खंड किलाड़ और किहार को पहली बार पोर्टेबल एक्सरे मशीन की सुविधा मिली है। इसके अलावा पुखरी सहित अन्य क्षेत्रों में भी इनका उपयोग किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह ने बताया कि 12 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के पोर्टेबल मशीन से छाती के एक्सरे किए जाएंगे। जिन लोगों में टीबी के संभावित लक्षण दिखाई देंगे, उनके बलगम के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से 397 गांवों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नई मशीनों के मिलने से स्वास्थ्य टीमों को घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करने में आसानी होगी। सभी स्वास्थ्य खंडों में टीबी खोज अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि समय रहते मरीजों की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
397 गांवों में चल रहा विशेष अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह ने बताया कि जिले के 397 गांवों में टीबी के छिपे मरीजों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनों के मिलने से इस अभियान को और गति मिलेगी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रभावी स्क्रीनिंग संभव हो सकेगी।