कोलका इलाके में कच्ची शराब को नष्ट करने के दौरान पुलिस कर्मी।
- फोटो : Chamba
चंबा/खज्जियार। चंबा पुलिस टीम ने कोलका क्षेत्र में चल रही देसी शराब की अवैध भट्ठियों को नष्ट किया। बुधवार को एसएचओ की अगुवाई में टीम ने कोलका क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान पुलिस टीम ने नालों सहित अन्य सभी संभावित इलाकों में सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने तीन लोगों को देसी शराब की अवैध भट्ठी चलाते हुए दबोचा।
उनके खिलाफ केस दर्ज कर तीन सौ लीटर देसी शराब को भी नष्ट किया। कई लोग अपनी भट्ठियों को छोड़ मौके से फरार हो गए। इससे पहले भी पुलिस इस क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस क्षेत्र में भारी मात्रा में देसी शराब अवैध तरीके से तैयार की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर एसएचओ चंबा थाना शकीनी कपूर ने दो दर्जन से अधिक पुलिस जवान अपने साथ लेकर क्षेत्र में दबिश दी। एसएचओ ने पहाड़ी पर खेतों और नालों में अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट करवाया। पुलिस की इस कार्रवाई से माफिया में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। भविष्य में भी पुलिस ऐसे अभियान चलाकर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।