चंबा के होली में रात को पेट्रोलिंग वन विभाग की टीम।स्त्रोत:जागरूक पाठक
चंबा। वन्य जीवों का अवैध शिकार रोकने के लिए विभाग मुस्तैद हो गया है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में सर्दियों के दौरान ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होती है। ऐसे में वन्य जीव खाने की तलाश में निचले क्षेत्रों का रुख करते हैं।
शिकारी भी वन्य जीवों का शिकार करने की ताक में रहते हैं। भरमौर वन मंडल की टीमें रात को ऐसे सभी इलाकों में गश्त कर रही हैं, जहां अवैध शिकार की संभावना अधिक रहती है। शनिवार रात को वन परिक्षेत्र अधिकारी जगदीश ठाकुर की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने होली-न्याग्रां मार्ग पर नाकेबंदी की। इस दौरान रात के समय वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की गई। साथ ही जंगलों की तरफ रुख करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी। इसी तरह कुगति सहित अन्य इलाकों में भी वन विभाग की टीमों ने रात को पेट्रोलिंग की। यह पेट्रोलिंग रोजाना रात को की जा रही है। इसके लिए वनमंडल अधिकारी भरमौर ने अपनी सभी कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। वन मंडल अधिकारी भरमौर डॉ. नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सर्दी के मौसम में वन्य जीवों का अवैध शिकार होने की संभावना अधिक रहती है। इसलिए वन विभाग की टीमों को रात्रि गश्त करने के लिए मुस्तैद कर दिया गया है, क्योंकि अवैध शिकार ज्यादातर रात के अंधेरे में ही होता है।